Showing posts with label प्रेरक कथा. Show all posts
Showing posts with label प्रेरक कथा. Show all posts

दोस्त की प्रतिस्पर्धा - लघु कथा


एक सुंदर-सा गाँव था। जिसका नाम शांतिपुर था। चारों तरफ लहलहाती हरी-भरी फसलें, अनेकों पेड़-पौधों से भरे बगीचे तथा सड़कों के किनारे लगे पेड़-पौधे उस गाँव की सुंदरता में चार चाँद लगा रहे थे। उसी गाँव में दो दोस्त रहते थे। विवेक और विकास। विवेक सीधा-सादा लड़का था, जबकि विकास नटखट एवं शरारती लड़का था। वह हमेशा किसी-न-किसी से झगड़ा करने को उतावला हो जाता था। दोनों पक्के दोस्त थे। खेलने, घूमने, पढ़ने या जहां कहीं भी जाना हो, एक ही साथ जाते थे। दोनों दोस्त गाँव से कुछ दूरी पर स्थित स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ते थे। विवेक अपनी कक्षा में सबसे तेज एवं बुद्धिमान लड़का था, जबकि विकास को पढ़ाई में बिलकुल भी मन नहीं लगाता था। वार्षिक परीक्षा होने में कुछ समय शेष था। 

विवेक सोच रहा था कि मेरे दोस्त का मन पढ़ने में नहीं लगता है। आखिर ऐसा क्या करें कि वह पढ़ने में मन लगाये। तभी उसे एक उपाय सुझा। दूसरे दिन विवेक, विकास और उसके अन्य साथी स्कूल के मैदान में एक साथ खेल रहे थे। तभी विवेक ने सभी साथियों के सामने विकास से कहा - विकास, तुम खेलने, कूदने, उलझने सब कुछ में आगे हो, लेकिन पढ़ने में इतने पीछे क्यों हो? क्या तुम कभी मुझसे अच्छे मार्क्स ला सकते हो?

अपने दोस्तों के सामने ऐसी बातें सुन कर विकास को बहुत बुरा लगा। उसने मन-ही-मन ठान लिया कि इस बार के परीक्षा में वह अच्छे मार्क्स लायेगा। वह दिन-रात मेहनत करने लगा। विवेक जानता था कि सारे दोस्तों के सामने उसके द्वारा दी गयी चुनौती को विकास स्वीकार करेगा। इसलिए दोनों जम कर तैयारी करने लगे। उन दोनों के बीच प्रतिस्पर्धा की स्थिति बन गयी। देखते-देखते परीक्षा की घड़ी आ गयी। दोनों ने पूरी मेहनत के साथ परीक्षा दी। अब सभी को वार्षिक परीक्षा के परिणाम का इंतजार था। विकास के जीवन में विवेक की सूझ-बुझ ने रंग लायी और दोनों अपने वर्ग में अव्वल आये। विकास के अव्वल होने से सभी छात्र काफी हैरान थे। उसे सभी बधाई दे रहे थे और सवाल भी कर रहे थे कि इस चमत्कार के पीछे की वजह क्या है। तब विकास ने कहा-यह सब मेरे दोस्त और कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण ही संभव हो पाया। साथ ही उसने यह भी कहा कि विवेक मेरा बेस्ट फ्रेंड है, जिसने मुझे इस मुकाम पर पहुंचा दिया। विवेक भी बहुत खुश था कि उसने सच्चे दोस्त होने का फर्ज निभाया है। शिक्षकों ने भी विवेक के इस प्रयास के लिए उसकी खूब सराहना की। अब दोनों दोस्त मन लगा कर पढ़ाई करने लगे। शांतिपुर गाँव में उनकी दोस्ती एक मिसाल बन गयी। 

बुद्धिमान हंस - प्रेरक कथा


एक बहुत विशाल पेड़ था। उस पर कई हंस रहते थे। उनमें से एक हंस बहुत सयाना था। वह बुद्धिमान होने के साथ-साथ दूरदर्शी भी था। सभी उसका आदर करते और ताऊ कह कर बुलाते थे। एक दिन उसने एक नन्ही सी बेल को पेड़ के ताने से लिपटते पाया। ताऊ ने दूसरे हंसों को बुला कर कहा- देखो इस बेल को नष्ट कर दो। एक दिन यह बेल हम सबको मौत के मुंह में ले जाएगी। एक युवा हंस ने हँसते हुए बोला - ताऊ, यह छोटी-सी बेल हमें कैसे मौत के मुंह में ले जाएगी?
सयाने हंस ने समझाया, आज यह तुम्हें छोटी-सी लग रही है। धीरे-धीरे यह पेड़ के सारे तने को लपेट मार कर ऊपर तक आयेगी। फिर बेल का तना मोटा होने लगेगा और पेड़ से चिपक जाएगा। धीरे-धीरे यह एक सीढ़ी का रूप ले लेगा और कोई भी इसके सहारे ऊपर चढ़कर हम तक पहुँच जायेगा और हम मारे जाएंगे। 

दूसरे हंसों को यकीन न आया, वे बोले ताऊ, तुम तो एक छोटी-सी बेल को खींच कर ज्यादा ही लंबा कर रहे हो।

एक ने कहा की यह ताऊ अपनी बुद्धिमानी का रौब जमाने के लिए कहानी बना रहा है। इस तरह किसी भी हंस ने ताऊ की बात को गंभीरता से नहीं लिया। शायद उतनी दूर तक देख पाने की उनमें अक्ल नहीं थी। समय बीतता रहा। बेल लिपटते-लिपटते ऊपर शाखों तक पहुँच गयी। अब तक बेल इतना मजबूत हो गया था की उसे नष्ट करना अब हंसों के बस की बात नहीं थी। 

एक दिन जब सारे हंस दाना चुगने बाहर गए हुए थे, तब एक बहेलिया उधर से गुजर रहा था। पेड़ पर बनी बेल की सीढ़ी को देखते ही उसने पेड़ पर चढ़ कर जाल बिछाया और चला गया। शाम को सारे हंस लौट आए और पेड़ पर बैठते ही बहेलिये के जाल में बुरी तरह फंस गये। जब वे जाल में फंस गये और फड़फड़ाने लगे, तब उन्हें ताऊ की बात याद आयी। सभी ताऊ की बात नहीं मानने के लिए लज्जित थे और अपने आप को कोस रहे थे। ताऊ चुप बैठा था। एक हंस ने हिम्मत करके कहा - ताऊ, हम मूर्ख हैं, लेकिन हमसे मुंह मत फेरो। 

ताऊ मान गये। उन्होने कहा की मेरी बात ध्यान से सुनो। सुबह जब बहेलिया आएगा तब मुर्दा होने का नाटक करना। बहेलिया तुम्हें मुर्दा समझ कर जमीन पर रखता जायेगा। वहाँ भी मरे हुए के समान ही पड़े रहना, जैसे ही वह अंतिम हंस को नीचे रखेगा, मैं सीटी बजाऊँगा। मेरी सीटी सुनते ही सब उड़ जाना। सुबह बहेलिया आया। हंसों ने वैसा ही किया। सचमुच बहेलिया हंसों को मुर्दा समझ कर जमीन पर पटकता गया। आखिरी हंस को पटकते ही ताऊ ने सीटी बजाई। सीटी की आवाज के साथ ही सारे हंस उड़ गये। बहेलिया आवाक होकर देखता रह गया। 

सीख: बुद्धिमान और अनुभवी लोगों की सलाह हमेशा माननी चाहिए। 

असली अपराधी कौन - Short Story


असली अपराधी कौन एक दिन राजा कृष्णदेव के दरबार में एक चरवाहा आया और बोला - महाराज, मेरे साथ न्याय कीजिए। तुम्हारे साथ क्या हुआ है? राजा ने पूछा। महाराज, पड़ोस में एक कंजूस आदमी रहता है। उसका घर बहुत पुराना हो गया है, परंतु वह मरम्मत नहीं करता, कल उसके घर की एक दीवार गिर गयी और मेरी बकरी दबकर मर गयी। पड़ोसी से बकरी का हर्जाना दिलवाने में मदद कीजिए। महाराज तेनालीराम की तरफ देखने लगे। तब तेनालीराम बोले - महाराज, मेरे विचार से दीवार टूटने के लिए केवल पडोसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। तो फिर तुम्हारे विचार में दोषी कौन है? राजा ने पूछा। महाराज, यदि आप मुझे थोड़ा समय दें, तो मैं जाँच कर असली अपराधी को प्रस्तुत कर दूंगा, तेनालीराम ने कहा। 
तेनाली ने चरवाहे के पडोसी को बुलाया और उसे मरी बकरी का हर्जाना देने को कहा। पडोसी बोला - इसके लिए मैं दोषी नहीं हूँ। वह दीवार तो मैंने मिस्त्री से बनवाई थी। अतः असली अपराधी तो वही है। मिस्त्री को बुलाया गया। मिस्त्री ने भी अपना दोष मानने से इनकार करते हुए बोला, अन्नदाता, अलसी दोष तो उन मजदूरों का है, जिन्होंने गारे में अधिक पानी मिलाकर मिश्रण को खराब बनाया, जिससे ईंट चिपक नहीं सकी और दीवार गिर गयी। अब राजा ने मजदूरों को बुलवाया। मजदुर बोले, महाराज, इसके लिए हम दोषी नहीं, वह पानीवाले व्यक्ति है, जिसने गारे में अधिक पानी मिलाया। फिर पानी मिलाने वाले व्यक्ति को बुलाया गया। वह बोला, महाराज, वह बर्तन बहुत बड़ा था जिसमें जरुरत से अधिक पानी भर गया। अतः उस व्यक्ति को पकडे जिसने मुझे वह बरतन दिया था। उसने बताया कि पानी वाला बड़ा बरतन उसे चरवाहे ने दिया था। तब तेनालीराम ने चरवाहे से कहा - देखो, यह सब तुम्हारा ही दोष है। तुम्हारी एक गलती ने तुम्हारी ही बकरी की जान ले ली। चरवाहा लज्जित हो कर दरबार से चला गया। सभी तेनालीराम के बुद्धिमतापूर्ण न्याय की भूरी-भूरी प्रशंसा कर रहे थे।
Tag: Motivational Short Story, Story for kids in hindi

दान की महिमा - प्रेरक कथा

बहुत समय पहले एक भिखारी सुबह-सुबह भीख मांगने निकला। चलते समय उसने अपनी झोली में जौ के मुट्ठी भर दाने डाल दिये। उसे किसी ने ऐसा कहा था की भिक्षा मांगने के लिए निकलते समय भिखारी झोली खाली नहीं रखते। थैली देख कर दूसरों को भी लगता है की इसे पहले से ही किसी ने कुछ दे रखा है। 

पुर्णिमा का दिन था भिखारी सोच रहा था की आज अगर ईश्वर की कृपा होगी, तो मेरी यह झोली शाम से पहले ही भर जाएगी। अचानक सामने से राजपथ पर उसी देश के राजा की सवारी आती हुई दिखाई दी। यह देख कर भिखारी काफी खुश हो गया। उसने सोचा कि राजा के दर्शन और उनसे मिलनेवाले दान से उसकी सारी दरिद्रता दूर हो जाएगी। जैसे-जैसे राजा कि सवारी निकट आती गयी, भिखारी कि कल्पना और उत्तेजना भी बढ़ती गयी। जैसे ही राजा का रथ भिखारी के निकट आया, राजा ने अपना रथ भिखारी के निकट आया, राजा ने अपना रथ रुकवाया और उतर कर उसके निकट पहुंचे। भिखारी कि तो मानो सांसें ही रुकने लगी, लेकिन राजा ने उसे कुछ देने के बदले उल्टे अपनी चादर उस भिखारी के सामने फैला दी और राहत कोष के लिए भीख कि याचना करने लगा। भिखारी को समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या करे। भिखारी ने आधे मन से अपनी झोली में हाथ डाला। फिर उसके मन में एक बात आयी कि देने से कोई चीज कभी घटती नहीं और लेनेवाले से देनेवाला बड़ा होता है। जैसे-तैसे करके उसने दो दाने जौ के निकले और राजा कि चादर में डाल दिये। हालांकि उस दिन भिखारी को अधिक भीख मिली, लेकिन अपनी झोली में से दो दाने जौ के देने का मलाल उसे सारा दिन रहा। शाम को जब वह घर लौटा, तो दुखी मन से उसने अपनी झोली पलटी, तो उसके आश्चर्य का सीमा न रही। जो जौ वह अपने साथ झोली में ले गया था, उसके दो दाने सोने के हो गये थे। एकाएक उसे समझ में आया कि यह दान कि महिमा के कारण ही हुआ। वह पछताया कि काश, उसने राजा को और अधिक जौ दिये होते, लेकिन दे नहीं सका, क्योंकि उसकी देने कि आदत नहीं थी। आगे से भिखारी रोज जितना भीख में मांगता, उसका थोड़ा हिस्सा दान कर देता। 
Daan ki Mahima - Motivational story in hindi, Short story in hindi, Laghu Katha, Prerak kahani bachchon ke liye, लघु कथा, प्रेरक कथा।  

दानव का अन्त - प्रेरक कथा

जंगल के पास एक गाँव था। गाँव के किनारे से एक नदी बहती थी। नदी पर एक पूल था। उस पूल के नीचे एक दानव रहता था। जंगल में तीन बकरे चर रहे थे। सबसे बड़े बकरे ने सबसे छोटे बकरे से कहा - नदी के पार गाँव के खेतों में खूब फल-सब्जी उगे हुए हैं। उनकी महक यहाँ तक आ रही है। जा पुल पर से नदी पार करके उन्हें खा आ। छोटा बकरा पुल पार करने लगा। तभी दानव पुल के ऊपर चढ़ आया और अपने बड़े-बड़े दांत और नाखून दिखा कर नन्हें बकरे को डराते हुए बोला - मुझे बड़ी भूख लगी है। डर से कांपते हुए नन्हा बकरा बोला - मुझे मत खाओ दानव, मैं तो बहुत छोटा हूँ। मेरे दो बड़े दोस्त हैं। वे अभी इसी ओर आनेवाले हैं। उन्हें खा लो। दानव बड़े बकरों को खाने के लालच में आ गया। बोला - अच्छा तू जा। मैं बड़े बकरों का इंतजार करूंगा। नन्हा बकरा वहाँ से भागा और गाँव के खेत में पहुँच कर ताजा फल-सब्जी खाने लगा। दूसरा बकरा भी यही कह कर बच निकला। अब बड़ा बकरा पुल पार करने लगा। वह खूब मोटा और तगड़ा था। उसके सींग लंबे और खूब नुकीले थे। जब वह पुल के बीच पहुंचा, तो दानव एक बार फिर पुल के ऊपर चढ़ आया और उसे डराते हुए बोला - मुझे बड़ी भूख लगी है। मैं तुझे अभी खा जाऊंगा, पर बड़ा बकरा जरा भी नहीं डरा। उसने अपने अगले पाँवों से जमीन कुरेदते हुए हुंकार भरी और सिर नीचा करके दानव के पेट पर अपने सींगों से ज़ोर से प्रहार किया। दानव दूर नदी में जा गिरा। अब बड़ा बकरा इतमीनान से पुल पार कर गया और अपने दोनों साथियों के पास पहुँच कर मनपसंद भोजन करने लगा।
Danav Ka Ant - Motivational story in hindi, Laghu Katha, Prerak Kahani, प्रेरक कहानी, लघु कथा 

घमंडी राजा की हार - लघु कथा

बहुत प्राचीन समय की बात है। एक राजा था। उसका नाम उदय सिंह था। वह बहुत अत्याचारी और क्रूर राजा था। उसका एक रसोइया था। जिसका नाम रामू था। रामू का अस्त्र-शस्त्र चलाने में कोई जोड़ नहीं था। अक्सर राजा युद्ध में उसे अपने साथ ले जाते थे। एक दिन रसोइया रामू से भोजन परोसने में देर हो गयी। जिसके कारण राजा उदय सिंह ने क्रोध में आकर रामू के दोनों हाथ कटवा दिये। रसोइया रामू ने सोचा मेरी इतनी सी गलती के लिए इतनी बड़ी सजा। उसने राजा को सबक सीखने की प्रतिज्ञा ली। वह राज्य के गरीब बच्चों को अस्त्र-शस्त्र का ज्ञान देने लगा। एक दिन जब रामू बच्चों को शस्त्र सीखा रहा था। इस दौरान वह राजा द्वारा किये जा रहे अत्याचारों के बारे में भी उन बच्चों को बताता था। एक दिन सैनिकों ने उसकी बात सुन ली। उसने जाकर सारी बातें राजा को बतायी। क्रोध में आकर राजा ने रामू और उसके शिष्यों पर आक्रमण कर दिया। 

रामू के शिष्यों ने राजा उदय सिंह के अनेक योद्धाओं को मार डाला। इस प्रकार राजा के बहुत कम सैनिक बचे। इससे पूरे राज्य में हाहाकार मच चुका था। अपनी हार को देखते हुए राजा स्वयम युद्ध करने आए। किन्तु रसोइया रामू के सैनिकों को क्षणभर में ही राजा उदय सिंह को बंधक बना कर रामू के सामने खड़ा कर दिया। रामू ने राजा से पूछा - महाराज मेरी एक गलती के लिए आपने मुझ कमजोर, बेबस और गरीब के हाथ कटवा दिये, आज आप उसी रसोइया रामू के सामने बंदी बन कर खड़े हैं। यदि मैं चाहूं, तो आपके प्राण भी ले सकता हूँ। पर मैंने आपका नमक खाया है, इसलिए प्राण नहीं लूंगा। लेकिन इतना अवश्य कहूँगा की किसी को भी गरीब और कमजोर समझ कर सताना अच्छी बात नहीं, इसे सदा ध्यान में रखियेगा। इतना कह कर रामू ने राजा को कैद से मुक्त कर दिया। राजा शर्म से सिर झुका कर महल की ओर चल पड़ा।

Ghamandi Raja ki Haar - Motivational story in hindi, Laghu Katha, Prerak Katha, लघु कथा, प्रेरक कथा